
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वाराणसी मंडल में महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लहरतारा स्थित न्यू लोको कॉलोनी के इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हाल में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने की। इस अवसर पर वाराणसी मंडल में कार्यरत 28 महिला रेल कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए, जबकि मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन ने उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन और कार्यकारिणी सदस्याओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अनुभव पाठक, सहायक कार्मिक अधिकारी विरेंद्र यादव सहित कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारी तथा मंडल कार्यालय और लाइन पर कार्यरत महिला रेल कर्मचारी उपस्थित रहीं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन समाज, राष्ट्र और संगठन के निर्माण में महिलाओं के अद्वितीय योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और आज महिलाएं ट्रेन संचालन, इंजीनियरिंग, सुरक्षा, चिकित्सा, सेवाओं और प्रबंधन जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। उनकी मेहनत, लगन और नेतृत्व क्षमता से संगठन की कार्य संस्कृति और अधिक सशक्त हो रही है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण मिले और भारतीय रेल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।इस अवसर पर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन ने कहा कि रेलवे केवल ट्रेनों और पटरियों का नेटवर्क नहीं बल्कि देश की जीवन रेखा है और इसे सशक्त बनाने में महिला रेलकर्मियों की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि महिला रेलकर्मी परिवार और कार्य के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभा रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमें महिलाओं के योगदान को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर व सम्मान देने की प्रेरणा देता है।समारोह के दौरान महिला कर्मचारियों और स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्मिक विभाग की महिला रेलकर्मी महुआ बनर्जी ने अपनी गायन प्रस्तुति से सभी को भावविभोर कर दिया, वहीं गाइड बच्चियों द्वारा प्रस्तुत मनोरमा नृत्य नाटिका से प्रभावित होकर वानी जैन ने उन्हें 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ममता सिंह ने एनीमिया के लक्षण और उससे बचाव के उपायों पर पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से महिला कर्मचारियों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक कार्मिक निरु अवस्थी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने दिया।





