- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
दिल्ली: लाजपत नगर-1 इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला और उसके बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव उनके घर के भीतर पड़े मिले।
घटना के बाद से घरेलू नौकर फरार
पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में घरेलू नौकर का हाथ हो सकता है, जो घटना के बाद से लापता है। फिलहाल उसकी तलाश में पुलिस ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
पड़ोसियों की सूचना पर टूटा घर का दरवाज़ा
मंगलवार रात पड़ोसियों ने घर से किसी प्रकार की हलचल न होने पर शक जाहिर किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर भीतर घुसी, जहां दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिले।
पुलिस ने शुरू की जांच, मामला संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपी की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है।
इलाके में दहशत, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पड़ोसियों और जान-पहचान वालों से पूछताछ कर रही है। लाजपत नगर-1 क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
अधिक जानकारी की प्रतीक्षा
फिलहाल पुलिस हत्या के सभी एंगल्स पर जांच कर रही है और घरेलू नौकर की तलाश तेज कर दी गई है। घटना से जुड़ी और जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।





