
- सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर साइबर पुलिस की कार्रवाई
मुंबई। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की पत्नी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुणे निवासी 27 वर्षीय युवक वरुण खड़ने को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
तकनीकी जांच के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों का पता तकनीकी जांच के जरिए लगाया गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि वरुण खड़ने मुंबई में नौकरी करता है और सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री की पत्नी का किया था जिक्र
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर नाम का उल्लेख नहीं किया था, लेकिन ‘मुख्यमंत्री की पत्नी’ का जिक्र करते हुए कथित रूप से अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से संबंधित व्यक्ति की छवि प्रभावित हो सकती है।
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।





