
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। धीना थाना पुलिस ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त अरबाज नट उर्फ खबरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लैंगिक अपराध से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय की ओर से जारी कार्रवाई के बावजूद उसके उपस्थित न होने पर उसके खिलाफ धारा 174-ए भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था।
जमानिया बॉर्डर के पास पुलिस ने बिछाया जाल
प्रभारी निरीक्षक धीना दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी महुजी तिराहा, जमानिया बॉर्डर के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की।
कुछ समय बाद एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट, निवासी कुशहां, थाना धीना, चंदौली के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के संबंध में धीना थाने में मु.अ.सं. 73/2026, धारा 3/25 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
‘2018 से छिपकर रह रहा था’—पूछताछ में आरोपी का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह पुलिस से बचने के लिए लगातार छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अवैध असलहा बिहार से अपनी सुरक्षा के लिए लेने की बात भी बताई है।
गंभीर मुकदमों में था वांछित
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धीना थाने में वर्ष 2018 का मुकदमा धारा 363, 366, 376 भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है। इसके अलावा न्यायालयीय आदेश की अवहेलना के संबंध में धारा 174-ए भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था।
आठ वर्षों से फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की लगातार कार्रवाई और निगरानी का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धीना दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पतई राम, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अमित मिश्रा और कांस्टेबल अमित दुबे शामिल रहे।




