
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्पूर्ण भारतीय रेलवे में रेलवे सुरक्षा बल के 15 अधिकारियों एवं बल सदस्यों को भारतीय पुलिस पदक (IPM) से सम्मानित किया गया है। इनमें पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल, अपराध प्रकोष्ठ में कार्यरत उप निरीक्षक श्री कैलाश प्रसाद भी शामिल हैं।
लगभग 35 वर्षों की स्वच्छ, अनुकरणीय और बेदाग सेवा के दौरान उत्कृष्ट कार्य, कार्यकुशलता, बेहतर समन्वय, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए श्री कैलाश प्रसाद को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत सेवा जीवन की बड़ी पहचान है, बल्कि वाराणसी मंडल एवं पूर्वोत्तर रेलवे के लिए भी गौरव का विषय है।
श्री कैलाश प्रसाद ने वर्ष 1992 में रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कार्यों को अंजाम देते हुए रेलवे सुरक्षा बल की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें विभिन्न स्तरों पर अब तक 11 पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। लगभग साढ़े तीन दशक की सेवा में लगातार बेहतर प्रदर्शन और अनुकरणीय कार्य के बाद भारतीय पुलिस पदक मिलना उनके समर्पण और कर्मठता की बड़ी पहचान माना जा रहा है।
भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित होने पर श्री आशीष जैन, मंडल रेल प्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी; सत्यप्रकाश, महानिरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल, गोरखपुर; तथा श्री पंकज चुघ, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, वाराणसी सहित मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री कैलाश प्रसाद को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कैलाश प्रसाद की दीर्घकालीन, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ सेवा रेलवे सुरक्षा बल के अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।





