
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चन्दौली सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोवध के मुकदमे में करीब एक वर्ष से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे पंचफेड़वा अलीनगर से शनिवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चन्द्रशेखर राजभर (26) पुत्र विजय राजभर, निवासी ग्राम बेला, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। वह थाना सैयदराजा में दर्ज मुकदमा संख्या 196/2025 में वांछित था।
पुलिस चेकिंग देखकर वाहन छोड़कर भागा था
पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चन्दौली की ओर से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की नई टाटा इंट्रा पिकअप बिहार की ओर जा रही है, जिसमें गोवंश लदे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-2 हाईवे पर जेठमलपुर तिराहे के पास चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने सफेद और लाल रंग की टाटा इंट्रा पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन चालक और उसके साथ बैठा एक अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर अंधेरे और बारिश का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गए थे। तलाशी के दौरान वाहन से आठ गोवंश, जिसमें पांच गाय और तीन सांड शामिल थे, बरामद किए गए थे। सभी गोवंश को वाहन के डाले में एक-दूसरे से क्रूरतापूर्वक बांधा गया था।
मामले में थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 196/2025, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में कबूली घटना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 15 जुलाई 2025 को पुलिस की चेकिंग देखकर वह गोवंश लदे वाहन को छोड़कर फरार हो गया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी 05 सितम्बर 2026 को दोपहर करीब 1:20 बजे मुखबिर की सूचना पर पंचफेड़वा अलीनगर से की गई।
संयुक्त टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र और कांस्टेबल रमाकान्त पटेल शामिल रहे। वहीं स्वाट टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव ने किया। टीम में राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश सिंह, दीपक मिश्रा, अमित सिंह और महेश कुमार शामिल रहे।





