
-10 कर्मचारियों में उच्च रक्तचाप, 3 में मधुमेह और एक में मोटापे की हुई पहचान, चिकित्सकों ने दिए आवश्यक परामर्श
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। वाराणसी रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और बीमारियों की समय पर पहचान के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के विद्युत लोको शेड, सैदपुर भीतरी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 84 रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान 10 कर्मचारियों में उच्च रक्तचाप, 3 में मधुमेह तथा एक कर्मचारी में मोटापे की पहचान हुई। संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में अनंत हॉस्पिटल के चिकित्सकों और मंडल चिकित्सालय, वाराणसी के वरिष्ठ नर्सिंग अधीक्षक की उपस्थिति रही।
शिविर में जनरल सर्जरी, हड्डी रोग एवं जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रेल कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी और वजन सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांचें की गईं। जांच में सामने आई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित कर्मचारियों को उचित परामर्श प्रदान किया गया।
रेल प्रशासन की ओर से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने, गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान करने तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से कर्मचारियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। ऐसे शिविर रेल कर्मचारियों को स्वस्थ रखने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा और कार्यक्षमता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




