
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। आईपीएल फाइनल मैच के दौरान अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ वाराणसी एसओजी ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर इलाके में संचालित सट्टेबाजी के अड्डे का भंडाफोड़ कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सट्टेबाजी के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह को आईपीएल फाइनल मैच पर बड़े पैमाने पर सट्टा खिलाए जाने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसओजी टीम ने तत्काल रणनीति तैयार की और टकटकपुर क्षेत्र में छापेमारी की। दबिश के दौरान मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे लगभग दो दर्जन मोबाइल फोन, 7 लैपटॉप, सट्टे से संबंधित रजिस्टर, प्रपत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
बरामद सामग्री से यह संकेत मिल रहे हैं कि सट्टेबाजी का यह नेटवर्क काफी संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आईपीएल फाइनल मैच पर दांव लगवा रहे थे। अब पुलिस जब्त किए गए मोबाइल, लैपटॉप और दस्तावेजों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
वाराणसी एसओजी की इस कार्रवाई को अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




