
-सूर्यकुंड गेट नंबर-2 के पास रात में हुआ हादसा: पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
-नगर निगम की लापरवाही से खुले नाले बने मौत का कुंआ
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या (दर्शननगर): पूरे नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के किनारे बने खुले नाले राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। ताजा मामला दर्शननगर चौकी क्षेत्र के सूर्यकुंड परिक्रमा मार्ग का है, जहां गेट नंबर-2 के पास बने खुले नाले में एक अज्ञात व्यक्ति गिर गया। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोटें नहीं आईं।
रात में गिरा, सुबह मिली जानकारी
स्थानीय लोगों के अनुसार व्यक्ति रात्रि में ही नाले में गिर गया था। सुबह जब लोगों की नजर पड़ी तो देखा कि एक व्यक्ति नाले में पड़ा हुआ है। तत्काल आसपास के लोगों ने मिलकर उसे बाहर निकाला।
लोगों ने दिखाई इंसानियत
नाले से निकालने के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता की मिसाल पेश की। व्यक्ति को नहलाया-धुलाया, साफ कपड़े पहनाए और खाना भी खिलाया। इसके बाद घटना की सूचना दर्शननगर पुलिस चौकी को दी गई।
पुलिस ने कराया मेडिकल कॉलेज में भर्ती
सूचना मिलते ही दर्शननगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को तत्काल राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार व्यक्ति अपना नाम और पता बताने में सक्षम है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
खुले नाले बने खतरा
यह घटना कोतवाली अयोध्या अंतर्गत दर्शननगर चौकी क्षेत्र के सूर्य कुंड मंदिर के सामने की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूर्यकुंड परिक्रमा मार्ग समेत पूरे नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के किनारे खुले नाले मौत को दावत दे रहे हैं। रात के अंधेरे में या जरा सी असावधानी से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को तुरंत ढका जाए, वरना कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।





