
-चोरी के 14 मोबाइल और 48 हजार नकद के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi:ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना सारनाथ पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 14 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 48,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान किशन राजभर (24), निवासी बेनीपुर, थाना सारनाथ और अविनाश दीक्षित (31), निवासी अशोक बिहार कॉलोनी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सारनाथ की टीम बुधवार देर रात सथवां चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हृदयपुर अंडरपास के पास कुछ लोग चोरी के मोबाइल फोन बेचने के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल हृदयपुर अंडरपास पहुंचकर घेराबंदी की और मौके से दोनों आरोपितों को करीब रात 12:14 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका
पुलिस की पूछताछ में किशन राजभर ने कथित तौर पर बताया कि वह चंदौली हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहनों के चालकों के पास से मोबाइल फोन चोरी करता था। इसके बाद चोरी के मोबाइल अविनाश दीक्षित को औने-पौने दाम में बेच देता था। पुलिस के मुताबिक, किशन चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ही हृदयपुर अंडरपास पहुंचा था, जहां दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 14 एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा 48,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
किशन पर पहले से दर्ज हैं दो मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित किशन राजभर के खिलाफ थाना सारनाथ में पहले से मु0अ0सं0 0036/2020 और 0025/2022 दर्ज हैं। मामले में थाना सारनाथ पर मु0अ0सं0 0481/2026, धारा 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





