
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में वाराणसी मंडल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सहायता, संकट में मिले बच्चों को तत्काल संरक्षण उपलब्ध कराने तथा रेलवे संपत्ति की चोरी एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार सघन निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 26 अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 15112 डाउन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़े होने के दौरान जनरल कोच में एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका अस्वस्थ अवस्था में मिली। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल विनय कुमार राय ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद उप निरीक्षक भोला प्रसाद राम तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वाराणसी सिटी को अवगत कराया। RPF एवं GRP कर्मचारियों की सहायता से बालिका को सुरक्षित स्टेशन के मुख्य द्वार तक लाया गया तथा 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई।
महिला कांस्टेबल शशिकला भारती की निगरानी में बालिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल, कबीर चौरा, वाराणसी में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद डिस्चार्ज होने पर उसे RPF पोस्ट वाराणसी सिटी लाया गया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दी गई। केस वर्कर के पोस्ट पर पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बालिका को सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया गया।
ऑपरेशन अमानत के तहत यात्रियों का सामान लौटाया
ऑपरेशन अमानत के तहत 26 अगस्त को RPF पोस्ट औड़िहार की टीम ने रेलवे स्टेशन औड़िहार पर छूटे हरे रंग के झोले और उसमें रखी किताब को बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सुरक्षित वापस किया।
दरअसल, श्री मनीष कुमार, निवासी भुरकुरा, जखनियां, गाजीपुर, 24 अगस्त को गाड़ी संख्या 15112 से जखनियां जाने के लिए औड़िहार स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन में सवार होने के दौरान उनका झोला स्टेशन पर छूट गया। उन्होंने इसकी सूचना रेल मदद 139 पर दर्ज कराई। ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर पांडेय ने खोजबीन कर झोला बरामद किया और RPF पोस्ट औड़िहार में सुरक्षित रखवाया। 26 अगस्त को पहचान संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उप निरीक्षक अर्चना उपाध्याय ने कांस्टेबल कलावती की मौजूदगी में करीब 500 रुपये मूल्य की किताब सहित झोला यात्री को सही-सलामत सौंप दिया।
थावे में छूटा ट्रॉली बैग यात्री को लौटाया
25 अगस्त को DSCR/BSB से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 15113 एक्सप्रेस के कोच संख्या S-1, बर्थ संख्या 31 पर एक ट्रॉली बैग छूट गया है। सूचना मिलते ही थावे स्टेशन पर तैनात कांस्टेबल सूर्य नारायण यादव संबंधित कोच में पहुंचे और बैग बरामद कर RPF पोस्ट थावे में सुरक्षित जमा कराया।
26 अगस्त को यात्री श्री आकाश शर्मा, निवासी मुबारकपुर, थाना मिलक, जनपद रामपुर, आवश्यक पहचान एवं यात्रा संबंधी दस्तावेजों के साथ पोस्ट पर पहुंचे। सत्यापन के बाद सहायक उप निरीक्षक हृदयानंद तिवारी ने कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार पांडेय की मौजूदगी में ट्रॉली बैग एवं उसमें रखा सामान यात्री को सुरक्षित लौटा दिया। यात्री के अनुसार बैग में खाने-पीने का सामान और इस्तेमाल किए हुए कपड़े थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3,000 रुपये थी। सामान वापस मिलने पर यात्री ने RPF की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
बैतालपुर में रेलवे संपत्ति चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार
26 अगस्त 2026 को बैतालपुर क्षेत्र में RPF टीम ने सघन निगरानी के दौरान मुखबिर की सूचना पर समपार संख्या 133 AC के निकट कार्रवाई की। यहां सामान ढोने के लिए ट्रॉलीनुमा डोंगा लगी मोडिफाइड मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।
जांच के दौरान तीन प्लास्टिक की बोरियों से क्रमशः 14, 20 और 25, कुल 59 पेंड्राल क्लिप (ERC) बरामद की गईं। बरामद रेलवे सामग्री की अनुमानित कीमत 5,015 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पप्पू खान (23 वर्ष) और समीर अंसारी (19 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों के विरुद्ध रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत RPF पोस्ट देवरिया सदर में अपराध संख्या 05/26 पंजीकृत किया गया है।
बलिया में भी यात्री का ट्रॉली बैग सुरक्षित लौटाया
24 अगस्त को मंडल सुरक्षा निरीक्षक कक्ष/वाराणसी से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 15083 के कोच संख्या S-4, बर्थ संख्या 54 पर यात्री का ट्रॉली बैग छूट गया है। सूचना पर रेलवे स्टेशन बलिया में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल जयप्रकाश यादव ने गाड़ी को अटेंड कर बैग को सुरक्षित उतारा और RPF पोस्ट बलिया में जमा कराया।
26 अगस्त को यात्री के पिता श्री भरत पांडेय पोस्ट पर पहुंचे। यात्री से मोबाइल पर संपर्क कर आवश्यक विवरण एवं बैग की पहचान का सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद उप निरीक्षक विकास कुमार पांडेय ने हेड कांस्टेबल गोपाल राम की मौजूदगी में ट्रॉली बैग उसके वास्तविक स्वामी के पिता को सुरक्षित सौंप दिया। बैग में पुराने इस्तेमाल किए हुए कपड़े थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2,000 रुपये थी।
सामान वापस मिलने पर श्री भरत पांडेय ने रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता, ईमानदारी और मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
वाराणसी मंडल RPF की इन कार्रवाइयों से एक ओर जहां यात्रियों को संकट की स्थिति में तत्काल सहायता मिल रही है, वहीं दूसरी ओर रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।





