
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी में विकास प्राधिकरण का भूमाफियाओं, अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का फैसला लिया है। इस संबंध में 16 जून 2026 को उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी जोनल अधिकारियों, अवर अभियंताओं और फील्ड स्टाफ के साथ अवैध निर्माण और प्लाटिंग की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उनके क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित सुपरवाइजर, अवर अभियंता और जोनल अधिकारी की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने यह भी निर्देश दिया कि अब तक की गई ध्वस्तीकरण और सीलिंग कार्रवाइयों का अद्यतन विवरण तत्काल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रत्येक जोन में हर सप्ताह कम से कम तीन अवैध प्लाटिंग मामलों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है, ताकि भूमाफियाओं पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में विशेष रूप से हाई फ्लड लेवल (HFL) क्षेत्रों और गंगा नदी के तटीय इलाकों में हो रहे अवैध निर्माणों पर गंभीर चिंता जताई गई। इन संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के निर्माण या गतिविधि को पूरी तरह प्रतिबंधित बताते हुए तत्काल ध्वस्तीकरण और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि शहर के सुनियोजित और सुरक्षित विकास के लिए अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार और अधिक सख्ती के साथ चलाया जाएगा।




