
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और संभावित वैश्विक ईंधन संकट को देखते हुए उत्तर प्रदेश नगर विकास विभाग ने ऊर्जा और ईंधन बचत के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। विभाग ने सभी नगर निकायों और संबंधित कार्यालयों को संसाधनों के सीमित उपयोग और ऊर्जा संरक्षण के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, सभी सरकारी बैठकें अधिकतम वर्चुअल मोड में आयोजित करने को कहा गया है। इसके साथ ही विदेशी फंड, ट्रेवल, स्टडी टूर और कंसल्टेंसी असाइनमेंट को अगले सात महीनों के लिए फ्रीज करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर विकास विभाग ने कार्यालयों में बिजली खपत कम करने के लिए शाम 7 बजे के बाद एसी, लाइट और लिफ्ट के उपयोग को बंद करने को कहा है। वहीं सभी सरकारी दफ्तरों में एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए कर्मचारियों और आम लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहन और साइकिल के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। इसके अलावा हर शहर में साइकिल कॉरिडोर विकसित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विभाग ने नगर निकायों को यह भी आदेश दिया है कि बिजली के खंभों पर गैर जरूरी सजावटी लाइटें न लगाई जाएं, ताकि अनावश्यक बिजली खपत को रोका जा सके।





