
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी में चलाए जा रहे ‘भिक्षावृत्ति मुक्त काशी’ अभियान के तहत बुधवार को वाराणसी जंक्शन उत्तर रेलवे परिसर से दो भिक्षुओं का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। दोनों भिक्षु पिछले कई दिनों से रेलवे स्टेशन परिसर में रह रहे थे।
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय रेल प्रशासन ने तत्काल अपना घर आश्रम की टीम से संपर्क किया। सूचना प्राप्त होते ही आश्रम की ओर से एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई और संयुक्त अभियान चलाया गया।
रेस्क्यू अभियान में अपना घर आश्रम के मिथिलेश गुप्ता, रेलवे के यातायात निरीक्षक राज कुमार सिंह तथा रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला कांस्टेबल ऋतु और नीलम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने दोनों भिक्षुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
रेस्क्यू के बाद दोनों भिक्षुओं को देखभाल, उपचार और पुनर्वास की प्रक्रिया के लिए अपना घर आश्रम के सुपुर्द कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ‘भिक्षावृत्ति मुक्त काशी’ अभियान के तहत निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार ऐसे अभियान संचालित किए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर रह रहे जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें आश्रय और पुनर्वास की सुविधा प्रदान की जा रही है।





