
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच वाराणसी नगर निगम ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को राहत पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अब तपती धूप का सामना कम करना पड़ेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर दशाश्वमेध घाट से काशी विश्वनाथ गली के प्रवेश द्वार तक लगभग 75 मीटर क्षेत्र में ग्रीन शेड लगाए गए हैं। इस व्यवस्था से गंगा स्नान के बाद मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को धूप और गर्म हवाओं से काफी राहत मिलेगी।
प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इस मार्ग से होकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ग्रीन शेड लगने के बाद अब उन्हें चिलचिलाती धूप में पैदल चलने में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा मिलेगी। नगर निगम ने केवल धार्मिक मार्गों तक ही यह पहल सीमित नहीं रखी है, बल्कि शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी ग्रीन नेट लगाने का अभियान शुरू कर दिया है।मलदहिया, रथयात्रा और तेलियाबाग जैसे व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नलों के निकट हरे पर्दे लगाए गए हैं, जिससे लाल बत्ती पर रुकने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में शहर के अन्य प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों को भी इस योजना के अंतर्गत शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों और श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करना है।नगर निगम की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि आम जनमानस को भी गर्मी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




