
बॉलीवुड अभिनेता Shah Rukh Khan, Ajay Devgn और Tiger Shroff की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राजस्थान के बारां जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने गुटखा और पान मसाला के विज्ञापनों से जुड़े एक मामले में विमल पान मसाला के मालिक विमल अग्रवाल समेत तीनों अभिनेताओं को नोटिस जारी किया है।
मामले की सुनवाई करते हुए आयोग ने सभी पक्षों को 9 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई बारां की एक नागरिक अधिकार संस्था की ओर से दायर शिकायत के आधार पर की गई है।
विज्ञापन के दावों पर सवाल
शिकायतकर्ता वीरेंद्र सिंह का आरोप है कि संबंधित गुटखा और पान मसाला विज्ञापनों में उत्पाद में केसर होने का दावा किया जाता है, जबकि बेहद कम कीमत वाले पाउच में इतनी महंगी केसर मिलाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं लगता। उनका कहना है कि 5 रुपये के पाउच में लाखों रुपये प्रति किलो कीमत वाली केसर होने का दावा भ्रामक प्रतीत होता है और इससे उपभोक्ताओं को गलत संदेश मिलता है।
शिकायत में कहा गया है कि इस प्रकार के विज्ञापन ग्राहकों को भ्रमित कर सकते हैं, इसलिए इनके दावों की जांच जरूरी है। आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए सुनवाई शुरू कर दी है।
30 दिन में जवाब दाखिल करने का निर्देश
उपभोक्ता आयोग ने विज्ञापन पर रोक लगाने की मांग से जुड़ी याचिका पर अगली सुनवाई 22 जून को निर्धारित की है। वहीं, जारी नोटिस में सभी पक्षों को नोटिस प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर, यानी 9 जुलाई तक अपना जवाब और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी विभिन्न कंपनियों के विज्ञापनों और उनमें किए गए दावों को लेकर कई बार कानूनी और उपभोक्ता स्तर पर सवाल उठ चुके हैं।




