
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी कमिश्नरेट के गोमती जोन की फूलपुर थाना पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त विपिन कुमार सैनी और युवती को भगाने में सहयोग करने के आरोपित विजय कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव गांव के निवासी हैं। पुलिस मामले में शामिल एक अन्य वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती के पिता ने फूलपुर थाने में लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनकी करीब 19 वर्षीय पुत्री 24 सितंबर 2026 को विद्यालय पढ़ने गई थी, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि गांव का विपिन कुमार उर्फ रिकू उनकी पुत्री को पहले भी परेशान करता था और शादी करने के लिए दबाव बनाता था। आरोप है कि विपिन ने अपने साथी दीपक कुमार और विजय कुमार के साथ मिलकर युवती को बहला-फुसलाकर और डराधमकाकर अपने साथ ले गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी विपिन कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और 351(3) की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की पूछताछ में विपिन कुमार सैनी ने युवती को जानने और उससे प्रेम करने की बात कही। उसके कथन के अनुसार, 24 सितंबर को वह नौकरी दिलाने के बहाने युवती को बटुक प्रसाद महिला महाविद्यालय, नयेपुर बरजी से अपने पिता विजय कुमार के पास ले गया था। शादी की बात पर युवती के तैयार नहीं होने के बाद उसके पिता विजय कुमार और दीपक ने कथित तौर पर युवती को उसके साथ नोएडा भेज दिया। आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने पूछताछ में सामने आए तथ्यों को विवेचना में शामिल किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन कुमार सैनी (22) पुत्र विजय कुमार सैनी और विजय कुमार (46) पुत्र ओमप्रकाश सैनी, निवासी ग्राम कठिरांव, थाना फूलपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा, कांस्टेबल रूपचन्द्र सरोज और कांस्टेबल अनिल कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।





