
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: प्रयागराज 26 अक्टूबर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत गंगानगर जोन में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त और अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण में जोन के सभी थानों की पुलिस टीमों और मिशन शक्ति कर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को जागरूक किया। उन्हें सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्हें अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करते समय सतर्क रहने, अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, किसी भी व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ या परेशान किए जाने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने की अपील की गई।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें पुलिस आपात सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका के बारे में भी बताया गया। जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को जानकारीपरक पंपलेट भी वितरित किए गए।
गंगानगर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित वातावरण में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।




