
-भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जनहित में कार्य करने पर दिया जोर
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर डीआरएम आशीष जैन ने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान भ्रष्टाचार के उन्मूलन और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रगति में एक बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए सरकार, नागरिकों और निजी क्षेत्र सहित सभी संबंधित पक्षों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहते हुए ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
डीआरएम ने रेलकर्मियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी बरतने और कानून के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि न तो रिश्वत लें और न ही रिश्वत दें। सभी कार्य निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करते हुए जनहित को प्राथमिकता दें। अपने व्यक्तिगत आचरण में सत्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करें और भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की जानकारी संबंधित एजेंसी को दें।
उन्होंने रेलकर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया, ताकि रेलवे की कार्यप्रणाली में जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाने तथा ईमानदारी और पारदर्शिता के माध्यम से नए भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।




