
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बलिया जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी, गड़ासा और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में रसड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को जमीनी विवाद को लेकर बैजलपुर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि संतोष सिंह, संजय सिंह उर्फ गुड्डन, सूरज सिंह उर्फ हर्ष, गुड़िया, तन्नु सिंह तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों ने एकराय होकर राजकरन सिंह, हृदयनारायण सिंह, अर्जुन सिंह और अनिल कुमार सिंह पर कुल्हाड़ी, गड़ासा और चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर थाना रसड़ा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
इसी क्रम में शनिवार को थाना रसड़ा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लखनेश्वरडीह मंदिर मोड़ के पास से मामले में वांछित संजय सिंह (34 वर्ष) निवासी बैजलपुर थाना रसड़ा तथा गौरी शंकर पाल (46 वर्ष) निवासी आशापुर थाना चितबड़ागांव को गिरफ्तार कर लिया।दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना रसड़ा में दर्ज मु0अ0सं0 236/2026 के तहत धारा 191(2), 109(1), 118(1), 115(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरिद्वार, उपनिरीक्षक शिवम कुमार तथा कांस्टेबल श्याम सुंदर यादव शामिल रहे।




