
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ मऊ–शाहगंज रेलखंड का विंडो एवं संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों, समपारों, रेल परिसंपत्तियों और विकास कार्यों का जायजा लेते हुए यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने खुरहट–मुहम्मदाबाद के मध्य स्थित एलएचएस संख्या-10 का निरीक्षण कर वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद फरिहा–सरायरानी के मध्य समपार संख्या-40ए का संरक्षा निरीक्षण किया तथा गेटमैन अनिल राम से सुरक्षा संबंधी जानकारी लेकर उन्हें सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

सरायमीर गुड्स शेड में साफ-सफाई, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था, संरचनात्मक सुरक्षा और श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। वहीं फरिहा यार्ड में पॉइंट संख्या-206ए की तकनीकी जांच करते हुए बोल्ट, नट, क्लिप, फिश प्लेट, गेज, लेवल और एलाइनमेंट का निरीक्षण कर सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
फरिहा स्टेशन पर डीआरएम ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था, स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि रेल परिचालन निर्बाध बना रहे।

इसके बाद सरायमीर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई तथा स्टेशन की बाउंड्री वॉल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एलएचएस संख्या-52 का भी जायजा लिया गया।
खोरासन रोड स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं दीदारगंज रोड स्टेशन पर पुराने शौचालय को हटाने तथा स्टेशन अधीक्षक कार्यालय की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पूरे मऊ–शाहगंज रेलखंड में रेल पथ, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, विद्युत प्रतिष्ठानों, स्टेशन परिसरों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा विभिन्न विकास कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पॉल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव, मंडल इंजीनियर (सामान्य) लोकेश कुमार सिंह सागरवंशी सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





