
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में टिकट जांच अभियान ने सख्ती का नया संदेश दिया है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में 30 अप्रैल 2026 को सीवान-छपरा रेलखंड पर बड़े स्तर पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया गया। इस अभियान के तहत सीवान, एकमा और छपरा स्टेशनों को आधार बनाकर 75103 छपरा-सीवान सवारी गाड़ी और 75204 सीवान-छपरा डेमू सहित कई ट्रेनों में किलाबंदी कर जांच की गई।
टिकट जांच टीम में मंडल वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर और सईद अख्तर समेत कुल 7 टिकट जांच कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। चेकिंग के दौरान कुल 122 यात्रियों को बिना टिकट या गलत टिकट के साथ यात्रा करते पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे ने 32,930 रुपये का जुर्माना वसूल कर उन्हें छोड़ा। इस सख्ती का असर यह रहा कि स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यात्री नियमों का पालन करें और उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में भी सहयोग करें। रेलवे का साफ संदेश — नियम तोड़ोगे तो जुर्माना भरोगे, अब बिना टिकट सफर नहीं चलेगा!





