
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज परिसर, इंग्लिशिया लाइन और विजयानगरम मार्केट क्षेत्र में फैले अतिक्रमण को हटवा दिया। इस अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेले, दुकानों और अस्थायी कब्जों को हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी।अतिक्रमण के कारण इन प्रमुख इलाकों में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी और राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सड़कें खुली नजर आईं और आवागमन पहले की तुलना में बेहतर हो गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी भी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल जरूर रही, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलते रहेंगे, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनी रहे।





