
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा आभूषण व नकदी लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों को शनिवार, 19 सितंबर 2026 को ग्राम धरसौना (बड़ा अलिहरान) से करीब 11:45 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चोरी, लूट एवं नकबजनी की घटनाओं के सफल अनावरण तथा वांछित और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के कुशल नेतृत्व में चोलापुर पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौतम यादव (42) पुत्र स्व. कन्हैया यादव, गोपाल यादव (30) पुत्र स्व. दीपक यादव और ओम प्रकाश यादव (36) पुत्र स्व. दीपक यादव के रूप में हुई है। तीनों ग्राम धरसौना (बड़ा अलिहरान), थाना चोलापुर, कमिश्नरेट वाराणसी के निवासी हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को वादिनी ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षीगण उसके घर में घुस आए और उसके तथा उसके पति के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। वादिनी ने अश्लील कृत्य करने तथा आभूषण और नकदी लेकर फरार होने का भी आरोप लगाया था।
तहरीर के आधार पर चोलापुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 314/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक चंदन कुमार द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने मामले में वांछित तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





