
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली मुगलसराय थाना क्षेत्र के महावलपुर स्थित हनुमान मंदिर से दान पेटी चोरी करने के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई दान पेटी और उसमें रखी पूरी 865 रुपये की नकदी व सिक्के बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को करीब 10:40 बजे महावलपुर निवासी मुकेश सोनकर ने पुलिस को सूचना दी कि मंदिर में रखी दान पेटी चोरी हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने सक्रियता दिखाई। वादी और स्थानीय निवासी राहुल मालाकार तथा रामआसरे/रामेश्वर विश्वकर्मा ने दान पेटी लेकर जा रहे दो युवकों को दौड़ाकर पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने रात में मंदिर से दान पेटी चोरी करने की बात स्वीकार की। सूचना और तहरीर के आधार पर मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 479/2026 के तहत धारा 305(a)/317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दोनों आरोपितों को दुल्हीपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हैदर अब्बास (19) पुत्र स्व. मुख्तार हुसैन, निवासी महावलपुर और साहिल उर्फ सादिक (21) पुत्र अबुलैस अंसारी, निवासी दुल्हीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई एक दान पेटी बरामद की। दान पेटी के अंदर विभिन्न मूल्यवर्ग के ₹1, ₹2, ₹5, ₹10 और ₹20 के सिक्के व नोट समेत कुल 865 रुपये मिले।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह समेत थाना मुगलसराय पुलिस टीम शामिल रही।





