
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। श्रावण मास में शिवद्वार मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने घोरावल क्षेत्र स्थित शिवद्वार मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर और आसपास तैनात पुलिस बल की ड्यूटी की समीक्षा की तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया और ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
एसपी ने निर्देश दिया कि श्रावण मास के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सतर्क निगरानी रखी जाए। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भीड़ और यातायात का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए।



