
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। रोहनिया आराजी लाइन विकासखंड के मोहनसराय चौराहा स्थित मोहनसराय–अदलपुरा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) की कथित लापरवाही से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि हाईवे के सीवर का बदबूदार और गंदा पानी सड़क पर मोड़ दिए जाने से पूरा मार्ग जलमग्न हो गया है। सड़क पर फैली गंदगी और असहनीय दुर्गंध के कारण राहगीरों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का आवागमन कठिन हो गया है, जबकि क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे किनारे बना नाला ओवरफ्लो होकर सर्विस रोड पर भर रहा था। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले एनएचआई के कर्मचारियों ने जेसीबी से अदलपुरा मार्ग पर नाली खोदकर हाईवे का सीवर का पानी इसी सड़क पर छोड़ दिया। इसके बाद से सड़क पर काला और बदबूदार पानी जमा है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैली हुई है और लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।

स्थिति इसलिए और गंभीर हो गई है क्योंकि इसी मार्ग से प्रतिदिन अदलपुरा धाम स्थित माता शीतला मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते-जाते हैं। उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि दुर्गंध के कारण दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है, जबकि स्थानीय निवासियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने एनएचआई से तत्काल अधूरी और अव्यवस्थित तरीके से खोदी गई नाली को दुरुस्त कर सड़क पर बह रहे सीवर के पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे नाले को बंद करने के साथ विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनस्वास्थ्य और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे की अब और अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।





