
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी आगामी श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने 01915/01916 प्रयागराज जंक्शन–बनारस–सूबेदारगंज श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 29 जुलाई से 29 अगस्त, 2026 तक प्रतिदिन 32 फेरों के लिए चलाई जाएगी, जिससे कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
गाड़ी संख्या 01915 प्रयागराज जंक्शन–बनारस श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे प्रयागराज जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन प्रयागराज रामबाग, झूसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर रोड और माधो सिंह स्टेशनों पर ठहराव के बाद 11:50 बजे बनारस पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01916 बनारस–सूबेदारगंज श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन प्रतिदिन 12:30 बजे बनारस से प्रस्थान करेगी। यह माधो सिंह, ज्ञानपुर रोड, हंडिया खास, झूसी, प्रयागराज रामबाग और प्रयागराज जंक्शन होते हुए शाम 4:10 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन में 12 मेमू कोच लगाने का निर्णय लिया है। श्रावणी मेले के दौरान यह विशेष सेवा श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




