
-स्कूल के बाहर सिगरेट पीते दो युवक पकड़े गए, पुलिस की सख्ती पर स्थानीय लोगों ने की सराहना
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। स्कूलों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत दशाश्वमेध पुलिस ने बुधवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुज मणि तिवारी के नेतृत्व में थाना दशाश्वमेध की मिशन शक्ति टीम ने पुलिस बल के साथ स्कूल टाइम में स्कूल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी की।
इसी क्रम में इंदिरा गांधी बालिका इंटर कॉलेज, अगस्त कुंडा, दशाश्वमेध के सामने स्कूल टाइम के दौरान सिगरेट पीते हुए दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान आयुष वर्मा पुत्र देवनारायण वर्मा, निवासी देलवारिया, थाना जैतपुरा, वाराणसी तथा राकेश सिंह पुत्र फूल चंद्र सिंह, निवासी गणेश महल, खालिशपुरा, वाराणसी के रूप में हुई।
पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों युवकों ने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। उन्होंने पुलिस से कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि वहां स्कूल है और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे।
दशाश्वमेध पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्कूलों के आसपास अनुशासन बनाए रखना और छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना रहा। मिशन शक्ति टीम की सक्रियता तथा चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी की सजग निगरानी की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
लोगों का कहना है कि स्कूलों के आसपास इस तरह की नियमित चेकिंग और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा तथा छात्राओं एवं अभिभावकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा।





