
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से सरकार के निर्देश पर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित जागरूकता अभियान के तहत सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले छात्राओं के बीच राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में संस्था के अध्यक्ष एवं समाजसेवी मुकेश जायसवाल, लक्ष्मी नर्सिंग कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार राय तथा कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान सैकड़ों छात्राओं के हाथों में तिरंगा झंडा देकर उन्हें 10 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान और गरिमा को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
वक्ताओं ने कहा कि 10 से 15 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान में सभी विभागों, सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, आवासीय परिसरों तथा शिक्षण संस्थानों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान हाथों में तिरंगा थामे छात्राओं ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। आयोजन ने छात्राओं के साथ-साथ उपस्थित लोगों में भी राष्ट्रीय एकता, गौरव और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुकेश जायसवाल, डॉ. अशोक कुमार राय, डॉ. प्रियंका तिवारी सहित सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।





