
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर रेलवे के वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर शुक्रवार को बड़ा संयुक्त अभियान चलाकर मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर अवैध रूप से खड़े ठेलों और अतिक्रमण को हटाया गया। रेल सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेल पुलिस (GRP), सिविल पुलिस तथा नगर निगम वाराणसी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कई अवैध ठेलों को जब्त कर स्टेशन परिसर के बाहर फैले अतिक्रमण को पूरी तरह हटवा दिया। बताया गया कि स्टेशन के जीटी रोड की ओर स्थित मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर लंबे समय से अवैध ठेले लगने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती थी, वहीं ठेला संचालकों द्वारा फैलाए जा रहे कचरे से सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई।इस संबंध में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के बीच पूर्व में रणनीतिक बैठक हुई थी, जिसमें संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर निगम के विशेष प्रवर्तन दस्ते के सहयोग से शुक्रवार को इस योजना को जमीन पर उतारा गया।संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान स्टेशन के बाहर अवैध कब्जों को हटाया और साफ संदेश दिया कि रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।कार्रवाई के बाद स्टेशन मार्ग काफी हद तक जाम मुक्त दिखाई दिया और यात्रियों को आवागमन में राहत मिली।

अभियान के दौरान नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त संगम लाल, उप नगर आयुक्त जितेन्द्र आनंद, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राजन सिंह यादव तथा प्रवर्तन दल मौजूद रहा।वहीं उत्तर रेलवे की ओर से अमित कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, रेल सुरक्षा बल से उपनिरीक्षक शैलेंद्र यादव एवं उनकी टीम तथा राजकीय रेल पुलिस से निरीक्षक राजोल नगर एवं उनकी टीम कार्रवाई में शामिल रही।





