
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पुलिस विभाग की छवि को झटका देने वाला मामला सामने आया है। न्यायालय सुरक्षा में तैनात एक दरोगा पर ट्रक चालक के 20 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा है। घटना के बाद ट्रक चालक ने दरोगा का पीछा कर उसे पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, न्यायालय सुरक्षा में तैनात दरोगा गिरीश मिश्रा वर्दी में ही घाटमपुर से हमीरपुर जा रहे एक ट्रक में सवार हुए थे। आरोप है कि यात्रा के दौरान उन्होंने ट्रक चालक के 20 हजार रुपये चोरी कर लिए। जब दरोगा ट्रक से उतरकर वहां से जाने लगे, तभी चालक को रुपये गायब होने का पता चला।
ट्रक चालक ने तत्काल दरोगा का पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान सड़क पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरोगा की पिटाई भी कर दी गई।
चालक और मौजूद लोगों द्वारा ली गई तलाशी में कथित तौर पर दरोगा के पास से 20 हजार रुपये बरामद होने का दावा किया गया। इसके बाद आरोपी दरोगा को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।





