
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में बीती रात एक विवाह समारोह उस समय हिंसा में बदल गया जब दुल्हन और दूल्हे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के भाई पक्ष के कुछ लोगों ने दूल्हे के चाचा पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन आज सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रात में ही चार नामजद लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया था। अब घायल की मृत्यु हो जाने के बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं, जिससे केस और गंभीर हो गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से एक को राजातालाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
डीसीपी गोमती/क्राइम नीतू कादयान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
फिलहाल इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।




