
-कबड्डी, वॉलीबाल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के साथ होगा अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी 13 से 15 नवंबर तक मैहर महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। 13 नवंबर को गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए कबड्डी, वॉलीबाल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 14 और 15 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल में देश-विदेश के पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे।
13 नवंबर को होने वाली एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 100 मीटर, 1600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और शॉटपुट शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड के साथ पंजीकरण कराना होगा। प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 7 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगी। कबड्डी के लिए शोयब मलिक, वॉलीबाल के लिए अशोक सिंह और एथलेटिक्स के लिए हिमांशु गुप्ता से संपर्क कर पंजीकरण कराया जा सकता है। एथलेटिक्स और कुश्ती को छोड़कर प्रत्येक खेल में एक गांव से केवल एक टीम को प्रतिभाग करने की अनुमति होगी।
14 और 15 नवंबर को होगा अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल
महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन यानी 14 व 15 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल आयोजित किया जाएगा। इसमें किसी भी क्षेत्र के पहलवान भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से टी-शर्ट उपहार स्वरूप दी जाएगी।
विजेता पहलवानों को ट्रैकसूट, टी-शर्ट और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजक समाजसेवी प्रमोद सिंह ने बताया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।





