
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चन्दौली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चन्दौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार भी जब्त की है। एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हमीदपुर पटनवा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर की तरफ से आ रही सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार संख्या यूपी 44 बीएल 9326 को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बाबतपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर कार को रोक लिया। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस की गाड़ियों में टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तीनों को वाहन समेत दबोच लिया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे गए 60 बंडलों में कुल 60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए गांजा लाकर सुल्तानपुर और आसपास के जनपदों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 300 तथा 550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिषेक सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी बहोरपुर, दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर, अवधेश पुत्र सीताराम निवासी सिरसिया, दुबौलिया, जनपद बस्ती तथा नौशाद पुत्र अनवर अली निवासी संग्रामपुर, छावनी, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अभिषेक सिंह के खिलाफ सुल्तानपुर के करौंदीकलां थाने में पूर्व से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।
इस मामले में थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 667/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट एवं 109(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह, कांस्टेबल अभिषेक सिंह और सूरज सरोज शामिल रहे। वहीं एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव तथा सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में हेड कांस्टेबल अरविन्द भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, रामानन्द यादव, प्रेम प्रकाश तथा कांस्टेबल नीरज कुमार मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, मनोज यादव, मनीष कुमार, महेश यादव और अमित सिंह शामिल रहे।
चन्दौली पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के प्रयास को बड़ा झटका लगा है। पुलिस टीम ने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, सतर्कता और बेहतर तालमेल का परिचय देते हुए तस्करों को गिरफ्तार कर अवैध गांजे की बड़ी खेप को बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया।




