
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। वाराणसी रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार एवं आसपास के क्षेत्र में आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए नगर निगम और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के संयुक्त तत्वावधान में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 06 गोवंशों को पकड़कर स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को आवारा पशुओं से मुक्त कराया गया।
अभियान में रेलवे की ओर से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, प्रदीप कुमार तथा चंद्रभूषण गिरी उपस्थित रहे। वहीं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ओर से शिवमुनी यादव ने सहयोग प्रदान किया।

नगर निगम की ओर से अमरनाथ द्विवेदी, अशोक कुमार तथा गोवंश पकड़ने वाली छह सदस्यीय टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस संयुक्त अभियान के माध्यम से स्टेशन परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा तथा यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि स्टेशन क्षेत्र को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखा जा सके।





