
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में समन्वय संस्था, प्रयागराज द्वारा नाटक ‘गांधारी’ का भव्य मंचन किया गया। यह संस्था की कार्यशाला-परक प्रस्तुति थी। नाटक का निर्देशन सुषमा शर्मा ने किया तथा इसका आलेख डॉ. हेतु भारद्वाज द्वारा लिखा गया है।
नाटक की कथा महाभारत युद्ध के पश्चात की परिस्थितियों पर आधारित है। युद्ध समाप्त होने के बाद गांधारी, धृतराष्ट्र, वेदव्यास और विदुर संसार से विरक्त होकर वन की ओर प्रस्थान करते हैं। वनवास के दौरान भी धृतराष्ट्र और गांधारी के मन में चल रहा वैचारिक द्वंद्व उन्हें उद्वेलित करता रहता है। उनकी स्थिति देखकर वेदव्यास उन्हें श्रीकृष्ण की शरण में जाने का परामर्श देते हैं।
उधर, यादव वंश की आंतरिक कलह से दुखी श्रीकृष्ण अपने सारथी बारूक के साथ वन में आश्रय लेते हैं, जहाँ वे जरा नामक बहेलिये के बाण से महाप्रयाण को प्राप्त होते हैं। इसके पश्चात शकुनि, जरा और बारूक को लेकर गांधारी के समक्ष पहुँचता है। जरा और बारूक श्रीकृष्ण का अंतिम संदेश सुनाते हैं कि श्रीकृष्ण के रूप में उनका पूर्णावतार हो चुका है और अब कोई अन्य अवतार नहीं होगा। मानव जाति को आत्मनिर्भरता एवं कर्मठता का संदेश देते हुए नाटक का समापन होता है।
इस अवसर पर नाटककार डॉ. हेतु भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में अपने पुत्र एवं पुत्रवधू के साथ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अतुल द्विवेदी (निदेशक, लोक जनजाति कला एवं संस्कृति संस्थान, लखनऊ), सुदेश शर्मा (निदेशक, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज) तथा डॉ. सुशील सिन्हा (निदेशक, द्वारिका हॉस्पिटल) उपस्थित रहे।
अतुल द्विवेदी ने मुख्य अतिथि डॉ. हेतु भारद्वाज को स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
नाटक में मिताली वर्मा ने गांधारी की मुख्य भूमिका में प्रभावशाली अभिनय किया। इसके अतिरिक्त ऋतिक श्रीवास्तव, चंकी बच्चन, अरुण शुक्ला, यासमीन जहां, विजय कुमार, जगदीश गौड़, दीपेंद्र सिंह, मोहम्मद आबिद एवं आकाश तिवारी ने अपनी-अपनी भूमिकाओं का सराहनीय निर्वहन किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक शुक्ला ने किया, जबकि डॉ. शारदा पाठक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों एवं वरिष्ठ रंगकर्मियों में सुशील राय, मधु रानी शुक्ला, प्रसिद्ध कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा, अविचल द्विवेदी, मीना उरांव, प्रवीण, आलोक नायर सहित अनेक सुधी दर्शक उपस्थित रहे।





