
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और पत्थर के छोटे टुकड़े आसपास मौजूद श्रद्धालुओं को लगे, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तीनों को मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की हालत सामान्य बताई है। किसी भी श्रद्धालु को गंभीर चोट नहीं आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सात बजे ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से कथित रूप से आकस्मिक फायर हो गया। गोली किसी व्यक्ति को सीधे नहीं लगी, बल्कि पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास खड़े लोगों को लगीं, जिससे वे घायल हो गए।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए हैं और संबंधित पीएसी जवान से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला कार्बाइन से हुई आकस्मिक फायरिंग का प्रतीत होता है। हालांकि, यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और सुरक्षा मानकों के पालन में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





