
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज साउथ मलाका चौहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को हिला दिया, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले का पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सनी गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि साउथ मलाका निवासी व्यवसायी वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता वैश्य, पुत्री मीनाक्षी वैश्य और पुत्र अभिषेक वैश्य की हत्या के पीछे संपत्ति और कीमती गहनों का लालच था।
शुरुआती जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अभिषेक वैश्य और उसके मित्र सनी गुप्ता ने मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी।वारदात के बाद दोनों आरोपी घर से सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। लेकिन लूटे गए माल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद सनी गुप्ता ने अपने ही साथी अभिषेक वैश्य की भी हत्या कर दी, जिससे मृतकों की संख्या चार हो गई।
पुलिस ने आरोपी सनी गुप्ता को मुट्ठीगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, लगभग 1002.12 ग्राम सोना, 360.26 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 1000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सनी गुप्ता का मृतक परिवार की दुकान से पुराना संपर्क था, जिसका उसने साजिश में फायदा उठाया।पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर तेज कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। फिलहाल आगे की विधिक कार्यवाही और विस्तृत जांच जारी है।





