
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। गाजीपुर शादियाबाद थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। करीमुल्लापुर गांव के पास नहर किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान रोहित यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित मूल रूप से मऊ जिले के रानीपुर क्षेत्र का रहने वाला था और पिछले कुछ वर्षों से अपने मामा के घर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या गोली मारकर की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके सिर में गोली मारी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मृतक के परिचितों, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





