
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी के काशी जोन में पुलिस और प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
फ्लैग मार्च में पुलिस बल, पीएसी तथा अन्य सुरक्षा इकाइयों के जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।काशी जोन पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और पर्व को सौहार्द व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई मार्च के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए शांति और सद्भाव बनाए रखने का भरोसा दिलाया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार निगरानी और गश्त कर रही है, जिससे लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।




