
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi. यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तत्परता एक बार फिर सामने आई है। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में RPF जवानों ने संवेदनशीलता और सक्रियता का परिचय देते हुए एक ओर जहां ट्रेन में परिजनों से बिछड़ी 72 वर्षीय वृद्ध महिला को सकुशल उनके बेटे से मिलाया, वहीं दूसरी ओर ट्रेन में छूटे यात्री के करीब ₹9.80 लाख मूल्य के सामान को सुरक्षित बरामद कर उसके स्वामी को वापस कर दिया।
मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पंकज चुघ के नेतृत्व में वाराणसी मंडल का रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और उनके सामान की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।

इसी क्रम में 07 सितम्बर 2026 को रेल मदद के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 15084 के कोच संख्या B-2 से एक वृद्ध महिला अपने परिजनों से बिछड़ गई हैं। सूचना मिलते ही RPF कांस्टेबल पुरेन्द्र राम ने रसड़ा स्टेशन पर तत्काल खोजबीन शुरू की। करीब 06:50 बजे वृद्ध महिला को प्लेटफार्म संख्या-01 पर आरक्षण केंद्र के निकट सुरक्षित खोज लिया गया।
फोटो के माध्यम से पहचान की पुष्टि करने के बाद वृद्ध महिला को RPF चौकी, रसड़ा पर सुरक्षित बैठाया गया और उनके परिजनों को सूचना दी गई। करीब 09:30 बजे उनके पुत्र श्री सुरेंद्रनाथ सिंह, निवासी झरकटहा, थाना रेवती, जिला बलिया, चौकी पहुंचे। आवश्यक सत्यापन एवं कार्रवाई पूरी करने के बाद 72 वर्षीय श्रीमती तेतरा देवी को उनके पुत्र के सुपुर्द कर दिया गया।
मां और बेटे के पुनर्मिलन के इस भावुक क्षण में दोनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। परिजनों ने RPF की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।
इसी दिन RPF ने एक अन्य मामले में भी यात्री के लिए बड़ी राहत पहुंचाई। गाड़ी संख्या 09466 के एस कोच में यात्री का सामान छूट जाने की सूचना मिलने पर कांस्टेबल साधना सिंह ने औड़िहार स्टेशन पर तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने ट्रेन से एक हरे रंग का ट्रॉली बैग और एक कपड़े का झोला सुरक्षित उतारकर RPF पोस्ट, औड़िहार में जमा कराया।
सामान के मालिक श्री राजेन्द्र राम, उम्र 69 वर्ष, निवासी खेताबपुर, थाना कासिमाबाद, जिला गाजीपुर, जब RPF पोस्ट पहुंचे तो आधार कार्ड और यात्रा टिकट के माध्यम से उनकी पहचान का सत्यापन किया गया।
सामान की जांच में कपड़ों और खाद्य सामग्री के अलावा 02 पीली धातु के मंगलसूत्र, 01 जोड़ी झुमका, 01 जोड़ी चांदी की पायल, बिछिया, चाबियों का गुच्छा तथा ₹17,000 नकद बरामद हुआ। यात्री ने सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹9.80 लाख बताई।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 07 सितम्बर 2026 को 15:30 बजे सहायक उप निरीक्षक/RPF, औड़िहार श्री राकेश कुमार सिंह ने फर्द सुपुर्दनामा के माध्यम से सामान को उसके स्वामी श्री राजेन्द्र राम को सही-सलामत वापस कर दिया।
एक ही दिन सामने आए इन दोनों मामलों में RPF की सक्रियता ने न केवल एक बुजुर्ग महिला को उसके परिवार से मिलाया, बल्कि यात्री की लाखों रुपये की जमा-पूंजी को भी सुरक्षित उसके हाथों तक पहुंचाया।
यात्री सुरक्षा से लेकर मानवीय सहायता तक—RPF की यह तत्परता रेल यात्रियों के भरोसे को मजबूत करने वाली मिसाल बनकर सामने आई है।




