
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत बिछड़े बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाने के लिए निरंतर तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में 23 जुलाई 2026 को RPF पोस्ट देवरिया सदर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए देवरिया रेलवे स्टेशन पर अपनी मां से बिछड़ी 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया। सूचना प्राप्त होते ही ऑन ड्यूटी महिला कांस्टेबल धर्मावती ने स्टेशन परिसर में खोजबीन कर बालिका को सुरक्षित RPF पोस्ट देवरिया सदर लाया। आवश्यक सत्यापन एवं पहचान की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बालिका को उसकी माता को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
इसी दिन मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, वाराणसी से प्राप्त सूचना पर RPF स्टाफ द्वारा गाड़ी संख्या 14866 मरुधर एक्सप्रेस के कोच A-1, बर्थ संख्या 58 एवं 59 से यात्री का छूटा हुआ सैमसंग कंपनी का मोबाइल चार्जर बरामद किया गया। चार्जर को सुरक्षित RPF पोस्ट वाराणसी सिटी लाया गया। सत्यापन के बाद यात्री श्री बीनल कुमार को ₹1,800/- मूल्य का चार्जर सकुशल सुपुर्द किया गया। यात्री ने RPF की तत्परता एवं ईमानदार कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
उसी दिन गाड़ी संख्या 15708 के कोच S-1, सीट संख्या 21 पर छूटे यात्री के नीले रंग के बड़े बैग को RPF छपरा द्वारा सुरक्षित बरामद कर RPF पोस्ट छपरा पर जमा कराया गया। यात्री श्री हजरत अली, 58 वर्ष ने आधार कार्ड एवं यात्रा टिकट प्रस्तुत कर बैग की पहचान की। सत्यापन के बाद बैग में रखे सभी सामान सही-सलामत पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹7,000/- थी। सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बैग एवं समस्त सामान यात्री को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। अपना सामान वापस पाकर यात्री ने RPF की ईमानदारी, तत्परता एवं सराहनीय कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
रेलवे सुरक्षा बल, वाराणसी मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के साथ-साथ रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा और जरूरतमंद यात्रियों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।





