
-रोहनिया पुलिस ने तत्काल जांच कर किया सत्यापन, पिता ने बताया—नाराज होकर दोस्त के साथ घूम रही थी युवती, कार से घर लेकर आए
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: हेरिटेज हॉस्पिटल के पास एचपी पेट्रोल पंप से युवती के अपहरण की सूचना मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच और सत्यापन शुरू किया। जांच के दौरान सामने आया कि युवती के अपहरण की बात सही नहीं थी।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर ई-चालान ऐप से वाहन स्वामी का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। वाहन स्वामी से फोन पर वार्ता करने पर वाहन का संबंध बाबुरी, जनपद चंदौली से होना पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने युवती के पिता से दूरभाष पर संपर्क किया। पिता ने बताया कि उनकी पुत्री किसी बात को लेकर नाराज थी और घर आने को तैयार नहीं थी। वह अपने दोस्त के साथ घूम रही थी, जिसके बाद वे अपनी पुत्री को अपनी कार से घर लेकर आए हैं।
पुलिस ने युवती से भी फोन पर वार्ता की। युवती ने बताया कि वह अपने घर पर परिजनों के साथ सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आवश्यक सत्यापन एवं जांच की कार्यवाही की जा रही है। फिलहाल युवती के अपहरण की सूचना की पुष्टि नहीं हुई है।





