
- वाराणसी ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। रेल यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 04137/04138 ग्वालियर-बरौनी-ग्वालियर द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष गाड़ी का संचालन अब अतिरिक्त 21 फेरों के लिए जारी रहेगा।
रेलवे के अनुसार, 04137 ग्वालियर-बरौनी द्वि-साप्ताहिक विशेष गाड़ी अब 26 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को संचालित होगी। वहीं, 04138 बरौनी-ग्वालियर द्वि-साप्ताहिक विशेष गाड़ी 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को चलेगी।
रेल प्रशासन ने बताया कि विस्तारित अवधि के दौरान इस ट्रेन का मार्ग, समय और ठहराव पहले की तरह ही रहेगा। यात्रियों को किसी प्रकार के बदलाव का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसएलआर/डी के 2 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 6 कोच, द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के 4 कोच, शयनयान श्रेणी के 6 कोच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का 1 कोच और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1 कोच शामिल रहेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन संबंधी नवीनतम जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से प्राप्त कर लें।





