
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान 32022 बीपीएड खेल शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा कर नियुक्ति देने की मांग उठाई और बताया कि करीब नौ वर्षों से यह भर्ती लंबित है, जिससे लाखों प्रशिक्षित युवा प्रभावित हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 32022 बीपीएड खेल शिक्षक भर्ती वर्ष 2016 से अधर में लटकी हुई है। भर्ती पूरी न होने के कारण एक लाख से अधिक अभ्यर्थी वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से भर्ती पर लगी रोक हटाने और नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि भर्ती से जुड़े मामले में न्यायालय में दायर अपील को वापस लेने पर सरकार विचार करे, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया का रास्ता साफ हो सके। अभ्यर्थियों के अनुसार मुख्यमंत्री से सकारात्मक बातचीत हुई और उन्हें भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का आश्वासन मिला।

इस दौरान अभ्यर्थियों ने राज्य मंत्री असीम अरुण से भी मुलाकात की। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री के संज्ञान में लाएंगे। वहीं, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर भी मांग पत्र सौंपा गया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती में हो रही देरी के कारण उन्हें मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका मानना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने से हजारों युवाओं और उनके परिवारों को राहत मिलेगी तथा लंबे समय से चले आ रहे इंतजार का अंत होगा।
उन्नाव के अभिषेक एडी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में धर्मेंद्र यादव, मोहिता उपाध्याय, एमके राणा, राजकुमार राणा, राहुल, सतीश, अमित मिश्रा और रामकुमार समेत कई अभ्यर्थी शामिल रहे। सभी ने सरकार से जल्द निर्णय लेकर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग दोहराई।





