
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ में पुलिस भर्ती परीक्षा का रविवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुभारंभ हुआ। राजधानी के 55 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचने लगे, जिससे केंद्रों के बाहर भीड़ देखने को मिली।
परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और कई चरणों की सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया।
नियमों के तहत अभ्यर्थियों को बेल्ट, घड़ी, सिक्के सहित अन्य धातु और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के बाहर जमा कराने पड़े। कई केंद्रों पर उम्मीदवारों को बेल्ट तक उतारनी पड़ी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले आधार कार्ड और प्रवेश पत्र का मिलान किया गया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने प्रत्येक अभ्यर्थी की बारीकी से जांच की और निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने पर ही अंदर जाने की अनुमति दी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं, केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों का भी व्यापक उपयोग किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने दावा किया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।





