
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल से शुक्रवार को 92वीं बैच के 11 डीएसपी प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली, आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था और जनसेवा के मूल्यों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया तथा अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस सेवा केवल कानून लागू करने का दायित्व नहीं है, बल्कि समाज में विश्वास, सुरक्षा और न्याय स्थापित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एक अधिकारी की वास्तविक पहचान उसकी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जनता के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रेरित किया कि वे अपने कार्यों में नैतिकता और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

संवाद के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरेट वाराणसी की विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया, जिसमें यातायात प्रबंधन, डायल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, SOG एवं सर्विलांस टीम, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन सिस्टम तथा VVIP सुरक्षा व्यवस्था शामिल हैं। इसके साथ ही उन्हें बताया गया कि किस प्रकार तकनीक और समन्वय के माध्यम से शहर में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाता है।
वाराणसी जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगर की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि यहाँ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रावण मास, देव दीपावली और महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए अपनाई जाने वाली रणनीतियों का भी विस्तृत उल्लेख किया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण अवधि किसी भी अधिकारी के सेवा जीवन की नींव होती है, जिसमें प्राप्त अनुभव भविष्य की जटिल परिस्थितियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रशिक्षु अधिकारी को अपने प्रशिक्षण काल को गंभीरता से लेते हुए अधिकतम सीख प्राप्त करनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ सामूहिक भोजन किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल जंग बहादुर यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।




