
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों से स्वयं वार्ता कर मामलों के निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता को न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करना चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।




