
चंडीगढ़: पंजाब में एक सप्ताह के भीतर हुए तीन धमाकों के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल भाजपा और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने इन घटनाओं को लेकर भाजपा पर पलटवार किया है।
श्री आनंदपुर साहिब में शुक्राना यात्रा की शुरुआत के दौरान मीडिया से बातचीत में भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में जो माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, वह भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों से पहले लोगों के बीच डर और तनाव का माहौल बनाती है।
“पंजाब में चुनावी जमीन तैयार कर रही BJP”
मुख्यमंत्री ने कहा, “बंगाल में चुनाव खत्म हो चुके हैं और अब पंजाब पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। हाल में हुई ब्लास्ट की घटनाएं भाजपा की चुनावी तैयारी का हिस्सा लगती हैं।” उन्होंने कहा कि पंजाब भाईचारे और शांति का संदेश देने वाला राज्य है और यहां के लोग “सरबत दा भला” की भावना में विश्वास रखते हैं।
“डर फैलाकर राजनीति करती है भाजपा”
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि भाजपा जहां भी जाती है, वहां पहले तनाव और टकराव का माहौल तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी हिंसा और डर का माहौल बनाकर वोट हासिल करना चाहती है। साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब पहले ही कठिन दौर से गुजर चुका है और यहां के लोगों के जख्म अभी पूरी तरह भरे नहीं हैं, इसलिए ऐसी राजनीति से बचना चाहिए।
बेअदबी कानून का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने राज्य में लागू सख्त बेअदबी कानून का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कानून मजबूत किए जाने के बाद धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिशों पर रोक लगी है। उनका दावा है कि पहले कुछ राजनीतिक ताकतें बेअदबी की घटनाओं के जरिए तनाव पैदा करना चाहती थीं, लेकिन अब सख्त कानून के कारण ऐसा करना आसान नहीं रहा।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हालिया ब्लास्ट मामलों की जांच में जुटी हैं और राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।





